*सीएम डैशबोर्ड के सीएमआईएस पोर्टल पर जनपद की 194 विकास परियोजनाओं में से 124 पूर्ण*

*परियोजनाओं में शिथिलता बरतने वाले और बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर व्यक्त की नाराजगी*
ललितपुर। जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ मा0 मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत सीएमआईएस पोर्टल पर जनपद की विकास परियोजनाओं समीक्षा की और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को हैण्डओवर करने तथा अपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य पूर्ण कराकर जनता को समर्पित करने के निर्देश दिये।
*एक तरफ जिलाधिकारी ने विकास परियोजनाओं में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों व कार्यदायी संस्थाओं को फटकार लगायी, तो वही बैठक में विद्युत विभाग व कार्यदायी संस्था सीएलडीएफ के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए दूरभाष पर ही उनसे परियोजनाओं की समीक्षा की और चेतावनी दी कि अगली बार बैठक में अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएगी।*
_बैठक में सीएमआईएस पोर्टल पर जनपद की कुल 194 परियोजनाओं में से 124 पूर्ण हो चुकी हैं, इसके अलावा 17 परियोजनाएं विभिन्न कारणों से अपूर्ण एवं 53 परियोजनाएं समय सीमा के भीतर निर्माणाधीन हैं। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिये कि अपूर्ण योजनाओं में विभाग से आपसी समन्वय करते हुए कार्य को तेजी से आगे बढ़ायें और यदि शासन स्तर से कोई धनराशि या स्वीकृति लंबित है तो हमारे स्तर से पत्राचार करायें। उन्होंने कहा कि जनपद की विकास परियोजनाएं यदि किसी की शिथिलता के कारण लबिंत रहती हैं तो सम्बंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।_
जिलाधिकारी ने विकास परियोजनाओं में बाधक बन रहे भूमि विवादों की समीक्षा करते हुए वस्त्रावन व बछरई में प्रस्तावित विद्यालयों के निर्माण हेतु जिला विद्यालय निरीक्षक को उप जिलाधिकारी व पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि उक्त परियोजनाओं पर जल्द से जल्द कार्य शुरू कराया जाए।
समीक्षा के दौरान मड़ावरा के प्राचीन किले में पर्यटन निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यों की प्रगति संतोषजन नहीं पायी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने पयर्टन निगम के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये।








