मड़ावरा (ललितपुर)। तहसील मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सोंरई स्थित श्री अखाड़ा धाम राजमंदिर परिसर में नव मंदिर निर्माण पूर्ण होने के उपरांत भव्य धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार हो गई है। आयोजन की तैयारियां इन दिनों युद्ध स्तर पर जारी हैं और पूरे ग्राम में उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण व्याप्त है, जिसमें समस्त ग्रामवासी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं।

आयोजन समिति के अनुसार समस्त कार्यक्रम ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से संपन्न होंगे। इस दौरान भगवान श्रीराम दरबार एवं भगवान परशुराम जी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा के साथ पंच कुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ और संगीतमयी श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा।
बताया गया कि विगत समय ग्रामीण जनों के सहयोग से मंदिर के जीर्णोद्धार की नींव रखी गई थी, जो अब पूर्ण होकर भव्य स्वरूप में सामने आ चुका है। मंदिर में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण जी, जानकी माता एवं हनुमान जी महाराज का दरबार रूप में विधिवत स्थापित किया जाएगा।
पंच कुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ का आयोजन सेसई (मध्यप्रदेश) निवासी पंडित विजय शरण शास्त्री के सानिध्य में संपन्न होगा। उनके साथ अन्य विद्वान पंडितों की उपस्थिति में भगवान श्रीराम दरबार एवं भगवान परशुराम जी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से कराई जाएगी।
इस अवसर पर दमोह (मध्यप्रदेश) के प्रसिद्ध कथा व्यास आदित्यानन्द महाराज के मुखारविंद से संगीतमयी श्रीराम कथा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को भक्ति रस की अमृतमयी वर्षा का लाभ प्राप्त होगा।
आयोजन की शुरुआत 07 मई को विशाल (घट) जल यात्रा के साथ होगी, जो पूरे ग्राम में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली जाएगी। इसके बाद 16 मई तक कथा एवं महायज्ञ के विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम निरंतर चलते रहेंगे।
कार्यक्रम की पूर्णाहुति के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी सुनिश्चित किया गया है, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।
बताया गया कि ग्राम सोंरई में आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग एवं धार्मिक चेतना का प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करेगा। पूरे क्षेत्र में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है।
▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️संपादक स्वराज भास्कर
▶️खबरों एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690








