52 महिलाओं ने लिया हिस्सा, पुलिस ने दी कानूनी जानकारी; कराया कोतवाली का भ्रमण

महरौनी (ललितपुर)।
सहजनी शिक्षा केंद्र की ओर से मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में 12 से 16 अक्टूबर तक महरौनी में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 52 महिलाओं और संस्था के सहयोगियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में महिला हिंसा के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा पीड़ित महिलाओं को भावनात्मक सहयोग देने के तरीकों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मानसिक तनाव के संकेत पहचानने और हिंसा से प्रभावित महिलाओं की सहायता करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने दी कानूनी जानकारी
प्रशिक्षण में पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह और अतिरिक्त प्रभारी निर्भय सिंह ने महिलाओं को महिला हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, साइबर अपराध तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान पुलिसकर्मी दीपिका, आकृति सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भी सहभागिता की।
महिलाओं ने किया कोतवाली का भ्रमण
प्रशिक्षण के अंतर्गत महिलाओं को महरौनी कोतवाली का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, हिंसा के प्रभावों को समझाना और जरूरतमंद महिलाओं को उचित सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की सफलता में सहजनी शिक्षा केंद्र की कार्यकर्त्रियों का योगदान रहा।








