महरौनी,ललितपुर।

उप जिलाधिकारी महरौनी रजनीश बाजपेई ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय धवारी एवं पीएम श्री विद्यालय पड़वा का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षण कार्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने संतोषजनक उत्तर दिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में सभी शिक्षक उपस्थित मिले। मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था एवं गुणवत्ता भी संतोषजनक पाई गई। एसडीएम ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने जर्जर रसोईघर की मरम्मत कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एसडीएम का स्वागत एवं सम्मान किया।









