क्षमावाणी पर्व के साथ संपन्न हुआ दशलक्षण महापर्व, गूंजा क्षमा और आत्मशुद्धि का संदेश

महरौनी,ललितपुर।

ललितपुर रोड स्थित श्री कुंदकुंद दिगंबर जैन स्वाध्याय मंदिर ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित श्री दिगंबर जैन महावीर पंच बालयती जिनालय में दशलक्षण महापर्व सामूहिक क्षमावाणी पर्व के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।

पर्व के दौरान प्रतिदिन श्री जिनेंद्र प्रक्षाल, अभिषेक, पूजन एवं दशलक्षण महामंडल विधान का आयोजन किया गया। फुटेरा दमोह से पधारे पं. जितेंद्र जैन ने श्री तत्वार्थ सूत्र (मोक्षशास्त्र) के आधार पर तीन लोक की चर्चा तथा बाल ब्र. श्री रविंद्र जी आत्मन की स्वानुभव पत्रावली पर सारगर्भित प्रवचन दिए। उन्होंने कहा कि धर्म दस प्रकार के नहीं, बल्कि धर्म के दस लक्षण हैं, जो आत्मा के आश्रय से प्रकट होते हैं। आत्मस्वरूप की प्रतीति एवं विकारी भावों से मुक्ति ही दशलक्षण धर्म की सार्थक आराधना है।

रात्रि में जिनेंद्र भक्ति के साथ उत्तम क्षमा, मार्दव, आर्जव, शौच, सत्य, संयम, तप, त्याग, आकिंचन्य एवं ब्रह्मचर्य धर्मों की चर्चा श्री रत्नकरंड श्रावकाचार एवं पं. द्यानतराय जी की दशलक्षण पूजा के आधार पर की गई।

पर्व के अंतिम दिन श्रीजी का जल विहार आयोजित हुआ। अभिषेक का सौभाग्य पं. जिनेंद्र जैन फुटेरा परिवार, आनंद जैन दाऊ परिवार, आनंद चौधरी बानपुर परिवार, कैलाश चंद्र-पुष्पेंद्र चौधरी परिवार, सुरेश जैन मेंगुवा परिवार, राजकुमार सिंघई परिवार एवं रविंद्र गुंदरापुर परिवार को प्राप्त हुआ। इस अवसर पर पं. ज्ञाता सिंघई सिवनी, पं. अर्पित शास्त्री खनियाधाना तथा टीकमगढ़ से पं. आशीष शास्त्री, निशंक शास्त्री एवं संजय जैन हल्ले उपस्थित रहे।

दशलक्षण पर्व के उपरांत सामूहिक क्षमावाणी का आयोजन सकल दिगंबर जैन समाज महरौनी के अध्यक्ष पवन मोदी एवं उपाध्यक्ष अंकित चौधरी की अध्यक्षता में हुआ। साधर्मीजनों ने देव-शास्त्र-गुरु सहित एक-दूसरे से अपनी प्रत्यक्ष-परोक्ष भूलों के लिए क्षमा याचना की और परस्पर क्षमा प्रदान की।

ट्रस्ट के मंत्री कैलाश चंद्र चौधरी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के संयोजक सत्येंद्र जैन गोलू, आशीष चौधरी, विनय सिंघई, अनुराग जैन गुढ़ा एवं रीतेश गुंदरापुर रहे। आयोजन में ट्रस्ट परिवार का विशेष सहयोग रहा।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य