अहमदाबाद से कुछ दिन पहले ही घर लौटा था पुष्पेंद्र, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

महरौनी, ललितपुर।
थाना महरौनी के पुराना सौजना रोड पर शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 20 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र अहिरवार पुत्र अशोक अहिरवार, निवासी पुराना सौजना रोड महरौनी, अपने परिवार में सबसे छोटा पुत्र था। उसका एक बड़ा भाई है। बताया गया कि कुछ वर्ष पूर्व बीमारी के चलते उसकी मां का निधन हो चुका था। पुष्पेंद्र कुछ दिन पूर्व ही अहमदाबाद से अपने घर वापस आया था।
शुक्रवार शाम करीब सात बजे युवक द्वारा फांसी लगाए जाने की जानकारी परिजनों को हुई। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। युवक ने आखिर किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, इसे लेकर परिवारजन भी अनभिज्ञ हैं।
सूचना मिलने पर महरौनी पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतरवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय ललितपुर भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।









