मानव पिरामिड बनाकर फोड़ी दही हांडी; सेरा, सपेरा नृत्य और बुंदेली भजनों ने बांधा समां

महरौनी, ललितपुर।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय सभा के तत्वावधान में नगर महरौनी में दही हांडी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन धार्मिक आस्था, उल्लास और बुंदेली लोक संस्कृति के अद्भुत संगम के रूप में संपन्न हुआ। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा और भव्य शोभायात्रा में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े।
महोत्सव का शुभारंभ श्री 1008 लक्ष्मीनारायण मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं भगवान श्रीकृष्ण-राधा के स्वरूप की आरती के साथ हुआ। इसके बाद गाजे-बाजे, धार्मिक भजनों तथा ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ की धुनों के बीच भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालु भक्ति में झूमते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
शोभायात्रा नगर के बगिया वाले हनुमान मंदिर, श्री बड़ी देवी मंदिर और कायस्थपुरा होते हुए कारस देव मंदिर पहुंची, जहां दही हांडी फोड़ी गई। इसके पश्चात शोभायात्रा श्री बेधपुर धाम पहुंची। यहां कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह ने फीता काटकर एवं भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।
महोत्सव में गांव-गांव से आई बुंदेली सेरा टीमों ने मनमोहक सेरा नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं पचोड़ा की नाथ पार्टी ने पारंपरिक सपेरा नृत्य की प्रस्तुति देकर बुंदेलखंड की लोक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की। मंच पर बुंदेली भजन कलाकार विनोद कुशवाहा एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
दही हांडी फोड़ने के मुख्य आयोजन में बाल-गोपालों की टोलियों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर बांधी गई मटकी तक पहुंचने का रोमांचक प्रयास किया। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप ने दही हांडी फोड़ी, पूरा परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। इस रोमांचक दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
आयोजन समिति के सदस्य देवेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि महोत्सव में बुंदेली रीति-रिवाज, पुरातन संस्कृति, लोक नृत्य और बुंदेली गायकी को विशेष स्थान दिया गया, ताकि नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक परंपराओं से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन संजय पांडेय भारत ने किया। आयोजन समिति के सदस्य उदयभान सिंह ने अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में श्रद्धालुओं को विशेष प्रसाद वितरित किया गया।









