ललितपुर। संस्कृत संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित गीत गायन एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में श्री महावीर दिगम्बर जैन संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, साढूमल के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।


जनपद स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में 25 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कक्षा 8 की छात्राएँ कंचन कुशवाहा, विनीता कुशवाहा एवं खुशबू कुशवाहा ने गीत गायन प्रतियोगिता में शानदार प्रस्तुति दी। इसमें कंचन कुशवाहा ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
वहीं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कक्षा 10 के चंद्रशेखर, मंजरी एवं काजल ने प्रतिभाग कर अपने संस्कृत ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली सफलता
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अभिषेक जी जैन शास्त्री एवं संस्कृत शिक्षक श्री शीलचंद्र जैन के मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों के निरंतर अभ्यास का परिणाम यह शानदार उपलब्धि रही।
संस्कृत शिक्षक श्री शीलचंद्र जैन ने कहा, “प्रतिभा को सफलता तक पहुँचाने के लिए निरंतर अभ्यास, उचित मार्गदर्शन और आत्मविश्वास आवश्यक है। विद्यार्थियों ने जनपद स्तर पर जिस आत्मविश्वास से अपनी प्रतिभा प्रस्तुत की, वह पूरे विद्यालय के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।”
प्रधानाचार्य श्री अभिषेक जी जैन शास्त्री ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कृत, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
विद्यालय परिवार ने कंचन कुशवाहा सहित सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
“मेहनत जब प्रतिभा से मिलती है, तो सफलता इतिहास बनाती है।”

coming soon








