महरौनी, ललितपुर।
ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी विद्यालयों को जिला पंचायत द्वारा जारी हैसियत एवं जायदाद कर तथा विद्यालय लाइसेंस/नवीनीकरण संबंधी नोटिसों के विरोध में प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के महरौनी ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह निरंजन के नेतृत्व में विद्यालय संचालकों ने तहसीलदार श्रवण कुमार राठौर को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह निरंजन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के अधिकांश निजी विद्यालय सोसाइटी अथवा गैर-लाभकारी संस्थाओं द्वारा संचालित हैं। इनका उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि ग्रामीण बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। विद्यालयों की फीस से प्राप्त राशि शिक्षकों-कर्मचारियों के वेतन, भवन, बिजली-पानी, शिक्षण सामग्री एवं अन्य शैक्षणिक कार्यों में खर्च होती है।
ज्ञापन में जिला पंचायत के हैसियत एवं जायदाद कर तथा पृथक विद्यालय लाइसेंस की अनिवार्यता समाप्त करने और जारी नोटिसों को निरस्त कर विद्यालय संचालकों को अनावश्यक आर्थिक एवं प्रशासनिक दबाव से राहत देने की मांग की गई।
इस दौरान महामंत्री इरफान अली एडवोकेट, महेंद्र सिंह, संतोष रावत, शिव नारायण चचौंदिया, प्रेम शंकर तिवारी, ऊदल पटेल, राजेंद्र पटेल, सर्वज्ञ गोयल, संजय पाल, प्रकाश नारायण, चंद्रभान, राजेंद्र यादव, हरनारायण प्रजापति सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। एसोसिएशन ने प्रशासन से शिक्षा व्यवस्था के हित में इन प्रावधानों पर तत्काल पुनर्विचार की मांग की।









