 जनशिकायतों में लापरवाही नहीं होगी क्षम्य, प्रभावी व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी: डीएम

 सदर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी जनशिकायतें
 शिकायतकर्ताओं को सुनकर मौके पर ही कराया कई शिकायतों का निस्तारण
 अवैध कब्जों से सम्बंधित शिकायतों में राजस्व, पुलिस व विनियमित क्षेत्र के अधिकारियों की टीम बनाकर जांच कर प्रभावी कार्यवाही के दिये निर्देश

ललितपुर। जनता की विभिन्न प्रकार की शिकायतों के एक ही स्थान पर त्वरित व प्रभावी निस्तारण हेतु जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता को बारी-बारी अपने समीप बुलाकर उनकी समस्याओं को सुना और कई जनशिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराकर शिकायतकर्ताओं को राहत पहुंचाई। इसके साथ ही शेष शिकायती पत्रों को सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देशित किया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता की मौजूदगी में प्रभावी निस्तारण सुनिश्चत कराया जाए, ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या का त्वरित और पारदर्शी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अभिलेख दुरुस्त रखे जाएं, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय व्यवस्था बेहतर रखने, अभिलेखों का सही रख-रखाव करने तथा आमजन को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम थनवारा निवासी शिवप्रसाद ने अपनी भूमि पर विपक्षियों द्वारा किये गए कब्जे तो हटवाने की शिकायत दी, लक्ष्मीपुरा सिविल लाइन निवासी निर्मल कुमार ने विपक्षियों पर उनकी जमीन पर बाउंड्री को तोड़ने, कृषि कार्य में बाधा डालने व जान से मारने व गालियां देने सम्बंधी शिकायत की। चौकाबाग निवासी कमला सिंह ने उनकी हदबंदीसुदा भूमि पर तारमुंडी तोड़कर कब्जा किये जाने की शिकायत की। नेहरूनगर निवासी कुसुम ने विपक्षियों पर सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण करने की शिकायत की। उक्त प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर और विनियमित क्षेत्र के अधिकारियों को संयुक्त रूप से जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
आज सम्पूर्ण समाधान दिवस में निम्न शिकायतें प्राप्त हुईं:-
 तहसील ललितपुर में कुल 36 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 12, पुलिस विभाग के 06, विद्युत के 04 तथा अन्य विभागों के 14 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 04 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
 तहसील तालबेहट में कुल 65 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 25, पुलिस के 16, विद्युत के 06, पूर्ति के 08 तथा अन्य विभागों के 10 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 04 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
 तहसील महरौनी में कुल 16 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 04, पुलिस के 02, विकास विभाग के 03, चकबंदी के 02, पूर्ति के 04, तथा विद्युत का 01 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 04 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
 तहसील पाली में कुल 10 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 05, पूर्ति के 02 तथा पुलिस के 03 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 01 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
 तहसील मड़ावरा में कुल 06 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व का 01, पुलिस के 03, विकास का 01 तथा विद्युत का 01 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 01 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई, डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य, सीएमओ डॉ वीरेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमन्त पटेल, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य