सिंचाई विभाग की आपत्ति से अटका मार्ग निर्माण, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

महरौनी, ललितपुर।
आजादी के 78 साल बाद भी ग्राम पंचायत कुम्हेड़ी के बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए पक्की सड़क नसीब नहीं हो सकी है। विद्यालय तक जाने वाला मार्ग दलदल और कीचड़ से भरा होने के कारण छात्र-छात्राओं व ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान रास्ते की स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे बच्चों को जोखिम उठाकर स्कूल जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग में सिंचाई विभाग की नहर होने के कारण विभाग पक्का निर्माण नहीं होने दे रहा है, जिसके चलते सड़क निर्माण लंबे समय से अटका हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले का संज्ञान लेकर विद्यालय मार्ग को शीघ्र पक्का कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। साथ ही जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर बच्चों को कीचड़ और दलदल से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।






