महरौनी, ललितपुर।
स्वतंत्रता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को लेकर महरौनी कस्बे में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारों और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ कस्बे में देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विद्या मंदिर स्कूल से हुआ। यात्रा इंदिरा चौराहा, गांधी चौक बाजार एवं रामलीला मैदान होते हुए अमर शहीद राजेंद्र शुक्ला पार्क पहुंची। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शिशु मंदिर, विद्या मंदिर, श्री चंद्रभान गुप्त इंटर कॉलेज, श्री शांति निकेतन इंटर कॉलेज, शीतल बड़ोनिया इंटर कॉलेज सहित दर्जनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समापन अवसर पर राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत सहित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने अमर शहीद राजेंद्र शुक्ला की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ोनिया, पूर्व अध्यक्ष कृष्णा अमर सिंह, ईओ साक्षी साहू, मंडल अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी, मंत्री प्रतिनिधि राघवेंद्र पटेरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिक यात्रा में शामिल रहे।










