ललितपुर : पूराकलां में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विधायक रामरतन कुशवाहा ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में क्षेत्रवासियों के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के जोश और उत्साह से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
तिरंगा यात्रा विजयपुरा स्थित हनुमान जी के मंदिर से प्रारंभ होकर पेट्रोल पंप पूराकलां तिराहे तक निकाली गई। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा हाथ में लेकर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की।
इस अवसर पर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को सदैव स्मरण रखना और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
तिरंगा यात्रा में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की भागीदारी विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों एवं युवाओं में दिखाई दिया उत्साह इस बात का संदेश देता नजर आया कि राष्ट्रभक्ति की भावना नई पीढ़ी के मन में भी पूरी मजबूती के साथ जीवंत है। यात्रा में मंडल अध्यक्ष पूराकलां सोबरन सिंह राजपूत, जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर भोड़ेले, जिला उपाध्यक्ष रमेश कुशवाहा, सुशील अग्निहोत्री, धर्मेश द्विवेदी, मानसिंह यादव एडवोकेट, डॉ. दीक्षित, प्राण सिंह लोधी, राहुल बुंदेला प्रधान विजयपुरा, खुशीराम नायक सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।










