नीमच- 11 अगस्त
ज्ञानोदय विश्वविद्यालय, नीमच के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में सेवारत आदित्य जैन को प्रतिष्ठित रामायणी सम्मान 2026 के लिए चयनित किया गया है।
उन्हें यह सम्मान 19 अगस्त को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में आयोजित भव्य समारोह में, रामायण रिसर्च काउंसिल द्वारा गोस्वामी तुलसीदास जयंती के अवसर पर भारतीय अध्ययन केंद्र के सहयोग से प्रदान किया जाएगा। रामायण रिसर्च के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी के अध्यक्ष और सांसद श्री अजय भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर 28 विभूतियों का चयन 07 विभिन्न श्रेणियां में किया गया हैं। इसमें मध्य प्रदेश से दो तथा अन्य देश के विभिन्न राज्यों से जिसमें प्रमुख रूप से भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा तथा पदम श्री अनुराधा पौडवाल प्रमुख है। यह सम्मान श्री जैन के नैतिक, शैक्षणिक एवं मानवीय मूल्यों तथा स्वस्थ्य समाज निर्माण के दृष्टिगत प्रकाशित मौलिक शोध आलेखो का जूरी कमेटी द्वारा मूल्यांकन कर प्रदान किया गया है। नीमच के श्री आदित्य जैन को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में विगत 15 वर्षों से अध्यापन, शोध एवं मौलिक लेखन के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा, जीवन मूल्यों के संवर्धन और समाज में नैतिक व मानवीय मूल्यों के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि श्री जैन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक शोध पत्र (ISSN/ISBN) प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने अध्यात्म, विज्ञान, चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरण और सांस्कृतिक महत्व के विषयों पर मौलिक शोध पत्र तैयार किए हैं। श्री जैन देश के प्रतिष्ठित संस्थानों द्वारा आयोजित 35 से अधिक शैक्षणिक सेमिनार एवं कॉन्फ्रेंस में अपने शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जीवन मूल्यों पर आधारित आचार्य श्री तुलसी के उत्कृष्ट विचारों का संकलन कर ‘सृजन’ नामक पुस्तक का सृजन किया है, जो साहित्य और दर्शन का एक प्रमुख दस्तावेज है। इस पुस्तक के प्रकाशन पर देश की अनेक लब्धप्रतिष्ठित हस्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। पुरस्कार के चयन हेतु जुरी कमेटी में प्रमुख रूप से देश के विभिन्न आचार्य के साथ डॉ. अजीत कुमार चतुर्वेदी कुलपति काशी हिंदू विश्वविद्यालय, डॉ. कुमार विश्वास मुख्य मार्गदर्शक रामायणी अवार्ड, श्री रजत शर्मा अध्यक्ष एवं प्रधान संपादक इंडिया टीवी, श्रीमती अनुराधा प्रसादजी मैनेजिंग एडिटर न्यूज़-24, जस्टिस (R) सुधीर अग्रवाल, श्री संदीप मारवाह संस्थापक अध्यक्ष नोएडा फिल्म सिटी एवं कुलाधिपति एएएफटी विश्वविद्यालय नोएडा, श्री आरके तिवारी जी पूर्व मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन थे। इस राष्ट्रीय सम्मान के संयोजक सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. देवदत्त शर्मा हैं।समाचार पत्रों में श्री जैन के प्रकाशित मौलिक आलेखों का मूल्यांकन करते हुए जिला प्रशासन ने भी उन्हें वर्ष 2022 के सार्वजनिक समारोह में सम्मानित किया हैं।










