बारिश की बौछारों में भी नहीं थमी शिवभक्ति, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मड़ावरा नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर युवाओं तक ने उठाई कांवड़, श्री शाला जी मंदिर से निकली शिवभक्ति की यात्रा

मड़ावरा। सावन माह में भगवान भोलेनाथ की आराधना को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को कस्बा मड़ावरा में भारी बारिश के बीच भी आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्राचीन श्री शाला जी मंदिर से नन्हे-मुन्ने बच्चों और युवाओं की टोली ने कांवड़ यात्रा निकाली। इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम और जय भोलेनाथ के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
कांवड़ यात्रा से पूर्व नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्री शाला जी मंदिर परिसर स्थित श्री शैलेश्वर महादेव का विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद बच्चों ने कांवड़ में पवित्र जल लेकर करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित श्री लहरधाम सरकार के प्रांगण में विराजमान भगवान महादेव के जलाभिषेक के लिए यात्रा प्रारंभ की।
कांवड़ यात्रा में बच्चों के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक ढंग से सजी कांवड़ों के साथ नन्हे कांवड़िये श्रद्धा और उत्साह से आगे बढ़ते नजर आए। बच्चों में कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
भारी बारिश में भी युवाओं ने नहीं छोड़ा साथ
वहीं, पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी युवाओं की टोली ने भारी बरसात के बीच कांवड़ यात्रा निकाली। युवाओं ने श्री शाला जी मंदिर मड़ावरा से पवित्र जल लेकर श्री कुंडेश्वर महादेव मंदिर के लिए कांवड़ यात्रा प्रारंभ की। बारिश के कारण रास्ते में पानी भरने और मौसम खराब होने के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ।
कांवड़िये भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। कई श्रद्धालु नंगे पैर कांवड़ लेकर यात्रा करते नजर आए। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।
लहरधाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान महादेव का विधिवत जलाभिषेक किया और परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं युवाओं की टोली ने श्री कुंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
सावन की बारिश के बीच बच्चों, महिलाओं और युवाओं की इस शिवभक्ति ने मड़ावरा में श्रद्धा और आस्था का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य