पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं सफाई व्यवस्था के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

ललितपुर। नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा नगर के समग्र विकास एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा एवं वार्ड संख्या-21, मोहल्ला तालाबपुरा द्वितीय के पार्षद श्री रामकिंकर पटैरिया द्वारा बालाजी मंदिर से जल निगम की ओर बनने वाले नाला निर्माण कार्य का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में लगातार कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए पालिका अध्यक्ष का पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए उनका अभिनंदन किया तथा नगर के विकास एवं जनसमस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
भूमि पूजन के पश्चात पालिका अध्यक्ष ने वार्ड का व्यापक भ्रमण कर नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई गलियां एवं सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे विशेषकर बरसात के मौसम में आवागमन बाधित हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पालिका अध्यक्ष ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निगम को पत्र प्रेषित कर क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, जिससे नागरिकों को राहत मिल सके और आवागमन सुगम बनाया जा सके।
इसके उपरांत अध्यक्ष महोदया ने वार्ड की उन गलियों का निरीक्षण किया जहाँ बरसात के दौरान नाले के ओवरफ्लो होने से जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। निरीक्षण में पाया गया कि नाले में अत्यधिक सिल्ट जमा होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है। इस पर उन्होंने संबंधित सफाई निरीक्षक को तत्काल चेन स्केलेटर मशीन के माध्यम से नाले की सिल्ट सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
भ्रमण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने सीतापाठ के समीप स्थित उत्सव गार्डन वाली गली तथा सीतापाठ मंदिर के बगल में स्थित शंकर मंदिर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों की मांग रखी। समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष महोदया ने मौके पर उपस्थित संबंधित अवर अभियंता को आवश्यक सर्वेक्षण कर शीघ्र सड़क निर्माण का विस्तृत प्राक्कलन (स्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके।
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास, नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान तथा बेहतर आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान वार्ड पार्षद श्री रामकिंकर पटैरिया, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, स्वास्थ्य नायक, पत्रकार आशीष तिवारी, बद्री कुशवाहा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।









