महरौनी, ललितपुर।
पावन श्रावण मास के शुभ अवसर पर महरौनी नगर स्थित श्री 1008 श्री किले के हनुमान मंदिर प्रांगण में 3 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं शिवार्चन पूजन का धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न कराया जा रहा है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता कर भगवान शिव की आराधना कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कराया जाता है। इसके उपरांत दोपहर 2 बजे से विधि-विधान के साथ शिव पूजन, शिवार्चन, महाआरती एवं प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया जाता है।
आयोजन के प्रथम दिवस के यजमान के रूप में विपिन सोनी एवं राकेश लक्षकार, जबकि द्वितीय दिवस पर सतीश मिश्रा (पुलिस विभाग) ने सपत्नीक सहभागिता कर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। संपूर्ण अनुष्ठान पं. विनोद मिश्रा एवं पं. विनीत पुरोहित के वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ प्रतिदिन संपन्न कराया जा रहा है।
मंदिर के पुजारी बलराम पुरोहित ने बताया कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर में प्रचारिणी स्मृति के तत्वावधान में प्रतिदिन मानस पारायण का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बन रहे हैं।
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सुखनंदन तिवारी, रामकृष्ण नायक, हरदेव रावत, बाबूलाल नायक, ओमप्रकाश पालीवाल, शिव प्रसाद पुरोहित, रमेशचंद्र पांडेय, कृष्ण स्वरूप पटेरिया, बलराम पुरोहित, ओमप्रकाश साहू, रामेश्वर प्रसाद सोनी, महिपाल सिंह, गणेश प्रसाद साहू सहित अनेक श्रद्धालुओं का उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है।










