सुम्मेरा तालाब के सौंदर्यीकरण का किया निरीक्षण, सामुदायिक शौचालय व सड़क का लोकार्पण, सीसी सड़क-नाली निर्माण का किया भूमि पूजन

ललितपुर। नगर के विकास एवं सौंदर्यीकरण को गति देने के उद्देश्य से पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने गुरुवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे विकास कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड नंबर 20 मोहल्ला तालाबपुरा स्थित सुम्मेरा तालाब से हुई। पालिका अध्यक्ष ने तालाब पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। संबंधित अवर अभियंता ने बताया कि यहां पेवर ब्रिक्स, हट निर्माण, घाट निर्माण सहित विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। पालिका अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि सभी कार्य समय से पूर्ण किए जाएं। साथ ही तालाब की स्वच्छता एवं देखरेख में लापरवाही न बरतने के निर्देश चौकीदार एवं सफाई कर्मियों को दिए।
इसके बाद वार्ड नंबर 06 मोहल्ला रामनगर वंशीपुरा में नवनिर्मित सामुदायिक शौचालय का लोकार्पण किया गया। पालिका अध्यक्ष ने शौचालय में नियमित साफ-सफाई एवं उचित रखरखाव के निर्देश दिए। इस दौरान शौचालय के पास बने पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मोहल्लेवासियों से समस्याओं की जानकारी ली। नागरिकों ने पुल पर रेलिंग न होने से दुर्घटना की आशंका जताई, जिस पर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अवर अभियंता को स्टीमेट तैयार कर मरम्मतीकरण एवं रेलिंग का कार्य कराने के निर्देश दिए।
पुल के पास लगाई जा रही हाईमास्ट लाइट का भी निरीक्षण किया गया। पालिका अध्यक्ष ने जल्द हाईमास्ट लगाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो सके। साथ ही पुल के समीप बने डंपिंग प्वाइंट को हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके पश्चात वार्ड नंबर 06 रामनगर में आरटीओ कार्यालय जाने वाली सड़क का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए पालिका अध्यक्ष का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
वहीं वार्ड नंबर 08 मोहल्ला जुगपुरा में काली माता मंदिर से रामविलास के मकान होते हुए दस्सू कुशवाहा के मकान तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि लंबे समय से सड़क एवं नाली निर्माण न होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निर्माण कार्य शुरू होने पर उन्होंने पालिका अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद का आभार जताया।
पालिका अध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदार एवं अवर अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद आदि शक्ति मैरिज गार्डन के बगल वाली गली में चल रहे सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भी औचक निरीक्षण किया गया। पालिका अध्यक्ष ने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी ली और अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जलभराव और कीचड़ से नागरिकों को मिलेगी राहत
पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम है और बच्चों सहित आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका द्वारा जलभराव एवं कीचड़ वाली गलियों को चिन्हित कर सड़क, नाली एवं नाला निर्माण के कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर के विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान वार्ड पार्षद श्रीमती रजनी रजक, श्री जितेन्द्र राठौर, श्री उदय प्रताप, पार्षद प्रतिनिधि श्री अमरदीप रजक, अवर अभियंता खुशबू खान, निधि पाण्डेय, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, नजूल लिपिक सुधीर रावत, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैराज प्रभारी अमित कुमार रिंकू, धीरेन्द्र घावरी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद ललितपुर









