महरौनी, ललितपुर।
श्रावण मास के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को इस वर्ष भी भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप देने के उद्देश्य से सोमवार को महरौनी नगर के मड़ावरा रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में कांवड़ यात्रा आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में यात्रा की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि श्रावण मास के तृतीय सोमवार से पूर्व रविवार, 16 अगस्त 2026 को प्रातः 7 बजे महरौनी से मध्य प्रदेश स्थित प्रसिद्ध तीर्थ श्री कुंडेश्वर धाम के लिए कांवड़ यात्रा धूमधाम एवं श्रद्धाभाव के साथ रवाना होगी।
आयोजन समिति ने बताया कि पिछले वर्ष श्रद्धालुओं को जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, उन्हें ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यात्रा से लौटने वाले कांवड़ियों के लिए बसों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। समिति ने यात्रा को अधिक सुरक्षित, अनुशासित और सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का संकल्प लिया।
बैठक में आयोजन समिति के सदस्य दीपक तिवारी ‘मोना’, राजीव लिटोरिया, सुनील विदुआ, विवेक प्रकाश सोनी ‘बंटी’, सुरेश पुरोहित, अरविंद्र सिंह चौहान (शिक्षक), संदीप विदुआ, कवि पंकज पंडित, पार्षद नीलेश श्रीवास्तव, संजय दुबे, अखिलेश सोनी, अभिषेक रावत, अभिनय तिवारी, अंशुल सिंह बघेल, अवधेश नायक, अजय पाण्डेय, पत्रकार शैलेन्द्र नायक, पत्रकार सूर्यकांत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।










