महरौनी, ललितपुर।
उत्तर प्रदेश शासन के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग द्वारा जारी वर्ग-2 अधिकारियों की प्रोन्नति सूची के अंतर्गत श्रीमती शीलम गुप्ता की प्रधानाचार्य (क्लास-2) पद पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महरौनी में पदस्थापना होने पर विद्यालय परिवार ने उनका आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रीमती गुप्ता का पुष्पमालाओं एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके उपरांत उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण उत्साह, हर्ष और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने श्रीमती शीलम गुप्ता को प्रोन्नति एवं नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की। खुशी के इस अवसर पर सभी ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए मिष्ठान वितरण किया और विद्यालय की शैक्षिक प्रगति तथा नई ऊंचाइयों के लिए सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती शीलम गुप्ता के कुशल नेतृत्व एवं प्रशासनिक अनुभव से विद्यालय शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।










