ललितपुर। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता के खिलाफ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक वर्ष से बिना अनुमति ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे 9 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही सभी के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार, संबंधित पुलिसकर्मी लंबे समय से बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित थे। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की तथा विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर लापरवाही, नियमों की अनदेखी या बिना अनुमति अनुपस्थित रहने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध, जिम्मेदारीपूर्ण और अनुशासित ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में सेवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रामजी तिवारी
संपादक, स्वराज भास्कर डिजिटल मीडिया










