महरौनी, ललितपुर।
पावन श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही नगर के श्री 1008 श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर प्रांगण में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मासभर चलने वाले मास पारायण का विधिवत शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। आयोजन के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में नगर के श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्मलाभ अर्जित किया।
भगवान भोलेनाथ को समर्पित श्रावण मास के दौरान आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत प्रतिदिन संध्याकाल श्रीरामचरितमानस का संगीतमय पारायण एवं भजन-कीर्तन किया जाएगा। संगीतमय वाचन से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा, जहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए प्रभु श्रीराम एवं भगवान शिव की आराधना की।
आयोजन समिति ने बताया कि श्रावण मास की संपूर्ण अवधि तक प्रतिदिन संध्या बेला में रामचरितमानस का संगीतमय पाठ एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।










