महरौनी,ललितपुर।
अखिल भारतीय महिला परिषद के तत्वावधान में नगर में विराजमान दिगम्बर जैन मुनिश्री 108 विकौशल सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अटूट आस्था व्यक्त करते हुए धर्मलाभ प्राप्त किया।
प्रातःकाल पुरुष वर्ग द्वारा भगवान जिनेन्द्र का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न कर विश्व शांति, धर्म प्रभावना और जनकल्याण की मंगलकामना की गई। इसके उपरांत मुनिश्री के सानिध्य में आचार्य पूजन एवं अर्चन का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें महिला परिषद की सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
अपने मंगल प्रवचन में मुनिश्री 108 विकौशल सागर जी महाराज ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने अपने पूज्य गुरुदेव गणाचार्य श्री 108 विराग सागर जी महाराज एवं आचार्य श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के अनंत उपकारों का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु के प्रति समर्पण, विनय और आज्ञापालन ही आत्मकल्याण का सच्चा मार्ग है।
कार्यक्रम में संभागीय अध्यक्ष रश्मि मलैया, प्रांतीय चेयरपर्सन मीनल गुढ़ा, सपना सिंघई, आरती बुखारिया, शाखा अध्यक्ष ममता सराफ, सुनीता चौधरी, सपना मलैया, कीर्ति सराफ, सपना सराफ, मंजू, प्राची मलैया, नेहा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता कर गुरु भक्ति का भावपूर्ण वातावरण निर्मित किया।










