ललितपुर।
माननीय जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललितपुर श्री अशोक कुमार सिंह के निर्देशानुसार, देवप्रिय सारस्वत, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललितपुर की अध्यक्षता में दिनांक 22.07.2026 को जिला कारागार ललितपुर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित प्रमुख बिंदुओं पर परीक्षण एवं समीक्षा की गई:
• पाकशाला (रसोईघर): भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री की उपलब्धता का जायजा लिया गया। निरीक्षण के समय पाकशाला की व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं।
• पुरुष बंदी बैरक: बैरकों में साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था का अवलोकन किया गया। बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनी गईं तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकारों की जानकारी दी गई।
• महिला बंदी बैरक: महिला बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कुछ महिला बंदियों द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता की मांग की गई, जिस पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
• किशोर बैरक: बैरक में साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल व स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन कर किशोरों को उनके विधिक अधिकारों से अवगत कराया गया।
• अस्पताल बैरक: स्वास्थ्य परीक्षण, औषधियों की उपलब्धता, चिकित्सीय अभिलेखों के रख-रखाव एवं स्वच्छता का निरीक्षण किया गया। आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएँ उपलब्ध पाई गईं। अधिकारियों को बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि पात्र बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया विधिसम्मत रूप से संचालित हो और कोई भी बंदी विधिक सहायता से वंचित न रहे। समग्र रूप से कारागार परिसर में स्वच्छता एवं व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान प्रशांत उपाध्याय प्रभारी अधीक्षक, जिला कारागार, राजीव कुमार उपकारापाल, जितेन्द्र लिदौरिया जेल चिकित्सक, भूपेन्द्र सिंह फार्मासिस्ट तथा न्यायालय की ओर से रोहित राठौर, अरविन्द व अनिल गनर उपस्थित रहें।









