ललितपुर। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी संजीव कुमार बाजपेई ने रविवार को ललितपुर जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों से परिचय प्राप्त किया।
नवागत पुलिस अधीक्षक ने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग व्यवस्था और लंबित मामलों के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया।
एसपी संजीव कुमार बाजपेई ने स्पष्ट किया कि महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही जनता की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने थाना स्तर पर आने वाले फरियादियों के साथ पुलिस कर्मियों को संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। नवागत पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।









