कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शानदार प्रदर्शन, क्षेत्र में खुशी की लहर

महरौनी, ललितपुर।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 में महरौनी तहसील के चार होनहार विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
महरौनी निवासी आर्यन जैन (पिता अमित भायजी) ने 605 अंक, ग्राम ककरूआ की योगिता (पिता बुद्धप्रकाश, शासकीय शिक्षक) ने 526 अंक, बृजकिशोर (पिता खुमान) ने 570 अंक तथा ग्राम छायन निवासी अभय गौतम (पिता अनंतराम) ने 503 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
क्षेत्र के लोगों ने इसे महरौनी तहसील के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि इन विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने चारों सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।








