बड़ागाँव घसान। शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बड़ागाँव घसान में गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का शुभारंभ प्राचार्य रामनरेश सिंह राजपूत के निर्देशन में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्राचार्य सत्येन्द्र कुमार यादव द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर तिलक, माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी शिक्षक सुनील कुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों में गुरु के प्रति श्रद्धा, नैतिक मूल्यों तथा भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पखवाड़े के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान, “एक पेड़ गुरु के नाम” वृक्षारोपण अभियान सहित अनेक रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में नगर के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं समाज के प्रबुद्धजनों की सक्रिय सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों एवं नागरिकों से गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के कार्यक्रमों में सहभागिता कर गुरु परंपरा के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।








