ललितपुर। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले कुल 66 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस अभियान में रेलवे ने नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों से ₹68,385 का जुर्माना वसूल किया।
झांसी मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–ललितपुर रेलखंड पर आयोजित इस सघन अभियान में 41 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जबकि 20 यात्री अनियमित यात्रा करते मिले। इसके अलावा रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत 4 तथा धारा 167 के तहत 1 मामला दर्ज किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह विशेष जांच अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा करना तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान रेलवे ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की अपील भी की।









