महरौनी, ललितपुर।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राज्यपाल कश्यप ने महरौनी निवासी महेंद्र झा को पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव मनोनीत किया है।
नियुक्ति की घोषणा होते ही महरौनी में सपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर मिठाई खिलाई और शुभकामनाएं दीं।
महेंद्र झा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा जताए गए विश्वास पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे। उन्होंने सामाजिक न्याय, पिछड़ों, किसानों, युवाओं एवं गरीबों के हितों से जुड़ी समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
समर्थकों ने विश्वास जताया कि उनकी नियुक्ति से महरौनी सहित जनपद ललितपुर में समाजवादी पार्टी के संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।









