“एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान का नगर पालिका ने किया शुभारंभ

ललितपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आज नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मा. श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री श्री मनोहर लाल पंथ के मुख्य आतिथ्य तथा पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा के नेतृत्व में वार्ड संख्या-20, मोहल्ला तालाबपुरा स्थित सुम्मेरा तालाब परिसर में पौधारोपण कर किया गया।
इस अवसर पर नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भी पौधारोपण किया गया। शासन द्वारा नगर पालिका परिषद, ललितपुर को 52,600 पौधे रोपित करने का लक्ष्य प्रदान किया गया है, जिसके अंतर्गत सुम्मेरा तालाब, नेहरू नगर स्थित श्मशान घाट, जुगपुरा श्मशान घाट, गोविन्द सागर बांध साइफन के समीप तलहटी, पंचमुखी हनुमान मंदिर, बालखंडी मंदिर सहित अनेक सार्वजनिक स्थलों पर छायादार, फलदार एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मा. श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री श्री मनोहर लाल पंथ ने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। पृथ्वी पर जीवन, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण, वर्षा चक्र और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक का वृक्षारोपण में सहभागी बनना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी माँ, मातृभूमि और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भावनात्मक अभियान है। यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आज 32 करोड़ पौधे रोपित करने का ऐतिहासिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राज्यमंत्री श्री पंथ ने कहा कि पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उसका संरक्षण करना है। यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उन्हें जीवित रखने का आह्वान किया।
पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन की आधारशिला हैं। पेड़ हमें शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण, छाया, जल संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। आज जब पर्यावरण संरक्षण पूरी दुनिया की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है, तब प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर प्रदान करता है। नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा शासन से प्राप्त 52,600 पौधारोपण के लक्ष्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूर्ण किया जाएगा तथा रोपित प्रत्येक पौधे के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाले वर्षों में ललितपुर एक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल नगर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इस जनअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस दौरान राज्य मंत्री प्रतिनिधि मुन्ना लाल जैन, बब्बू राजा बुंदेला, पार्षद जगदीश यादव, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, सफाई निरीक्षक जीतेन्द्र स्वरूप तिवारी, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक कुमार, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, हितेंद्र रैकवार, हेड सुपर वाइजर संजय कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार सहित पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य