उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

महरौनी (ललितपुर)।
महरौनी तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अपर उपजिलाधिकारी रजनीश बाजपेई की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
उपजिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से सर्वाधिक 11, पुलिस विभाग से 5, चकबंदी से 1, पूर्ति विभाग से 1, विद्युत विभाग से 1, नगर पंचायत से 1 तथा अन्य श्रेणी का 1 प्रार्थना पत्र शामिल रहा।
इस अवसर पर तहसीलदार तनवीर हसन, नायब तहसीलदार (न्यायिक) आनंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








