महरौनी (ललितपुर)। पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली महरौनी परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री आनंदपुर ट्रस्ट अखंड धाम आश्रम के प्रबंधक महात्मा अघट युक्ति आनंद एवं महात्मा चेतन युक्ति आनंद की उपस्थिति में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह सहित समस्त कोतवाली स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पेंडुला अशोक, नागचंपा, मोरश्री, फाइकस, सरू, मीठा नीम, लेमन टी, मोरिंगा तथा क्रोटन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह एवं सतीश कुमार मिश्रा का विशेष सहयोग रहा। उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।








