महरौनी (ललितपुर)।
विकास खंड महरौनी की 23 ग्राम पंचायतों में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-GRAM G) योजना का शुभारंभ कर दिया गया। खंड विकास अधिकारी महरौनी ने ग्राम पंचायत सिंदवाहा एवं जरया में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में भूमि पूजन कर योजना के तहत विकास कार्यों का शुभारंभ कराया। इस दौरान श्रमिकों एवं ग्रामीणों को नई योजना के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी भी दी गई।
इसी क्रम में विकास खंड की ग्राम पंचायत बम्होरीबहादुर सिंह, अगौरा, नैगुवा, कुसमांड सहित अन्य पंचायतों में भी ग्राम सचिवों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा योजना के अंतर्गत कार्य प्रारंभ कराए गए।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने पूर्व में संचालित मनरेगा योजना के स्थान पर 1 जुलाई 2026 से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण लागू किया है। नई योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका सुरक्षा को मजबूत करना तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करना है।
योजना के अंतर्गत अब ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का गारंटीकृत रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही न्यूनतम दैनिक मजदूरी ₹300 निर्धारित की गई है, जबकि राष्ट्रीय औसत मजदूरी बढ़ाकर ₹327.40 प्रतिदिन कर दी गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार कार्य पूर्ण होने के 15 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान अनिवार्य होगा। भुगतान में देरी होने पर श्रमिकों को प्रतिदिन 0.05 प्रतिशत की दर से मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, निर्धारित समयावधि में रोजगार उपलब्ध न करा पाने की स्थिति में पात्र श्रमिकों को बेरोजगारी भत्ता भी मिलेगा।
केंद्र प्रायोजित इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार की भागीदारी 60:40 के अनुपात में रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्थायी विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









