ललितपुर : जनपद में 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो एनआईडी अभियान के सफल संचालन हेतु दिनांक 27 जून 2026 को जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्घाटन श्रीमति विमला, आंगनबाडी कार्यकत्री बार्ड नं0 25 चौबेयाना द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली सीएमओ कार्यालय ललितपुर से रवाना होकर घंटाघर होते हुए वापस सीएमओ कार्यालय ललितपुर आकर समाप्त हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 इम्तियाज़ अहमद ने बताया कि दिनांक 28 जून 2026 को बूथ दिवस वाले दिन (रविवार) जिले के सभी विद्यालय खुले रहेंगे और वहां मिड-डे मील की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि टीकाकरण में कोई भी बच्चा न छूटे। यदि कोई कर्मचारी बूथ पर अनुपस्थित पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के क्रियान्वयन को प्रभावी बनाने के लिए जिले में 802 बूथ बनाये जा रहे हैं। कुल 464 टीमें तैनात की गई हैं, जो घर-घर भ्रमण कर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने 114 हाई रिस्क विलेज (अति संवेदनशील गांवों) को विशेष रूप से चिह्नित किया है। इन क्षेत्रों में सघन अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों और घुमंतू समूहों में रह रहे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा मिले। क्षेत्रीय नोडल अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे सघन पल्स पोलियो अभियान की गतिविधियों का कड़ाई से अनुश्रवण करें। साथ ही, प्रतिदिन सायंकालीन बैठकों में कार्यक्रम की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है ताकि छूटे हुए घरों को चिह्नित कर शत-प्रतिशत आच्छादन का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 धीरेन्द्र वैध ने बताया कि टीकाकरण प्रक्रिया में मानकों का पूर्ण पालन किया जा रहा है। सभी वैक्सिनेटरों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है ताकि टीकाकरण की गुणवत्ता में कोई कमी न रहे। पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ0 सौरभ सक्सेना ने अभियान के चरणों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 28 जून 2026 को बूथ दिवस के रूप में मनाया जाएगा, जहाँ निर्धारित बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके पश्चात, 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक विशेष घर-घर भ्रमण गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। अभियान के समापन चरण में 06 जुलाई 2026 को ‘बी-टीम एक्टिविटी’ का संचालन किया जाएगा, जिसका लक्ष्य छूटे हुए घरों और बच्चों का शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इम्तियाज़ अहमद ने समस्त अभिभावकों और नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें और अपने 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर देश को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपना योगदान दें। रैली के दौरान डीपीओ आईसीडीएस नरेन्द्र सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ वीरेन्द्र सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 अवधेश चन्द्र यादव, डॉ0 प्रदीप सिंह यादव, परामर्शी चिकित्सक डॉ0 हुसैन खान, चिकित्सा अधिकारी एवं नगर क्षेत्र प्रभारी पोलियो डॉ0 राजेश भारती, सीडीपीओ मडावरा/तालबेहट श्री देवेन्द्र निरंजन, डीपीएम रजिया फिरोज एवं सीएमओ कार्यालय ललितपुर के अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।








