महरौनी,ललितपुर।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीलम दुष्यंत बड़ौनिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर सैदपुर में विकसित हो रहे बल्क ड्रग पार्क को महरौनी एवं जिला मुख्यालय ललितपुर से जोड़ने के लिए वर्तमान सैदपुर-महरौनी-ललितपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क बुंदेलखंड के औद्योगिक और आर्थिक विकास की महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि नए मार्ग के निर्माण के बजाय मौजूदा सड़क को फोरलेन बनाया जाए, जिससे भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और शासन की करोड़ों रुपये की धनराशि की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि सड़क के उन्नयन से महरौनी एवं मड़ावरा क्षेत्र के करीब एक सैकड़ा गांव सीधे विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे। बेहतर सड़क संपर्क से उद्योग, व्यापार, परिवहन, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
श्रीमती बड़ौनिया ने मुख्यमंत्री से जनहित, क्षेत्रीय विकास और शासन के वित्तीय हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क संपर्क ही औद्योगिक विकास की आधारशिला है और यह परियोजना बुंदेलखंड के आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









