(ललितपुर ), दिनांक 20 जून 2026।
भारत सरकार एवं CSC SPV के निर्देशानुसार आज प्रदेशभर के कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर “पीएम किसान उत्सव दिवस” का व्यापक एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित सीएससी केन्द्रों पर बड़ी संख्या में किसानों ने एकत्र होकर माननीय प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 23वीं किस्त जारी होने के ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।
इस अवसर पर प्रत्येक सीएससी केन्द्र पर किसानों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री जी के संबोधन का लाइव प्रसारण प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम उपरांत बड़ी संख्या में पात्र किसानों ने अपने बैंक खातों में प्राप्त सम्मान निधि की राशि का DigiPay Web के माध्यम से सुरक्षित एवं त्वरित भुगतान/निकासी भी की। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल वित्तीय सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित हुई तथा किसानों को बैंक शाखाओं में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
जनपद में जिला प्रबंधक (मोहम्मद अन्सार) के समन्वय एवं वीएलई (Village Level Entrepreneurs) की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीएससी केन्द्रों पर किसानों के साथ समूह फोटो एवं गतिविधियों का दस्तावेजीकरण कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रिपोर्टिंग हेतु अपलोड किया गया।
इस अवसर पर CSC SPV, उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय ने सभी जिला प्रबंधकों एवं वीएलई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीण भारत में डिजिटल सेवाओं, वित्तीय समावेशन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पीएम किसान उत्सव दिवस का यह आयोजन किसानों तक सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुँच एवं डिजिटल सेवा वितरण के प्रति सीएससी नेटवर्क की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
राज्यभर में आयोजित इस कार्यक्रम को स्थानीय समाचार-पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया द्वारा भी प्रमुखता से कवरेज प्रदान किया गया, जिससे किसानों के बीच सीएससी केन्द्रों की उपयोगिता एवं डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूकता को और अधिक बल मिला।
मोहम्मद अन्सार
जिला प्रबन्धक
ललितपुर









