महरौनी में महामंडलेश्वर श्री रामबालक दास जी का प्रवास,

गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया वृक्षारोपण

महरौनी (ललितपुर)।
अयोध्या धाम से पधारे परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री रामबालक दास जी महाराज का महरौनी प्रवास श्रद्धा, आध्यात्मिकता एवं जनकल्याण के संदेशों के साथ संपन्न हुआ। महरौनी के निवारी स्थित अखंडधाम आश्रम में प्रवास के दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों से भेंट कर गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की।
महामंडलेश्वर श्री रामबालक दास जी महाराज ने अखंडधाम आश्रम पहुंचकर आश्रम के प्रबंधक महात्मा अघटयुक्ति आनंद जी एवं महात्मा चैतन्ययुक्ति आनंद जी व महात्मा चैतन्य अखंडानंद जी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान धर्म, अध्यात्म, राष्ट्रहित, गौसेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सारगर्भित विचार-विमर्श हुआ।
प्रवास के दौरान उन्होंने आश्रम परिसर स्थित गौशाला के दर्शन किए एवं अपने हाथों से गौमाता को गुड़, रोटी एवं दलिया खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। गौवंश की सेवा, स्वच्छता, चारे-पानी एवं देखभाल की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी गौशालाएं समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि गौशाला की व्यवस्था देखकर उनका मन गद्गद हो गया है।
इसके पश्चात उन्होंने नगर पंचायत द्वारा संचालित बानपुर रोड स्थित कान्हा गौशाला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को गौशालाओं के बेहतर संचालन, नियमित स्वच्छता, पर्याप्त चारा व्यवस्था, गोवंश के स्वास्थ्य परीक्षण तथा निराश्रित गोवंश के संरक्षण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ोनिया एवं अधिशासी अधिकारी साक्षी साहू से भी उनकी भेंट हुई। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज का सामूहिक दायित्व है, जिसमें शासन, प्रशासन और समाज की समान भागीदारी आवश्यक है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महामंडलेश्वर जी ने आश्रम परिसर में रामफल का पौधा रोपित किया तथा उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ोनिया, अधिशासी अधिकारी साक्षी साहू, ग्राम प्रधान निवारी राजीव वाजपेई, पार्षद प्रतिनिधि उदयभानु सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राजीव सिंघई ‘मोनू’, पत्रकार शैलेन्द्र नायक, पूर्व पार्षद विनोद साहू, डॉ. विनोद तिवारी (पशु चिकित्सक),सहायक देवेंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ोनिया ने महामंडलेश्वर श्री रामबालक दास जी को श्रीराम मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित सभी लोगों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
अपने उद्बोधन में महामंडलेश्वर जी ने कहा कि समाज में सेवा, संस्कार, समरसता, गौसंरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
प्रवास के दौरान अखंडधाम आश्रम का वातावरण श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। अंत में उपस्थित लोगों ने गौसेवा, वृक्षारोपण एवं समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य