मुहर्रम पर प्रशासन सख्त: तय मानकों से ऊंचे ताजिए नहीं होंगे स्वीकार, शांति समिति की बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश

महरौनी, ललितपुर।
आगामी मुहर्रम पर्व को शांति, सुरक्षा एवं पारंपरिक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली परिसर महरौनी में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरविंद कुमार पांडेय तथा कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह ने की। इस दौरान ताजियादारों एवं अखाड़ा कमेटियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ अरविंद कुमार पांडेय ने स्पष्ट कहा कि इस वर्ष ताजियों की ऊंचाई प्रशासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। उन्होंने बताया कि अत्यधिक ऊंचे ताजियों के कारण जुलूस के दौरान बिजली के हाईवोल्टेज तारों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने सभी समितियों से नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुहर्रम के ताजिया जुलूस पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा किसी भी प्रकार का नया मार्ग या बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा तय व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान ताजियादारों एवं स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, झूलते एवं जर्जर बिजली तारों को दुरुस्त कराने तथा पर्याप्त जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस पर कोतवाली प्रभारी राजा दिनेश सिंह ने आश्वासन दिया कि बिजली विभाग एवं नगर निकाय के साथ समन्वय स्थापित कर जुलूस प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करा दी जाएंगी।
बैठक के अंत में दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने का संकल्प लिया तथा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुष्यंत बड़ोनिया, सरफराज अली एडवोकेट, शमशेर खां, अनिल बड़ोनिया, यूनिस अली, शमीम शाही, राजेश, मिस्कीन अली, शाहरुख खान, फारूक खान, मुहम्मद शाहिद, जाहिद खान मंसूरी, शहजाद खान, हामिद खान, बली मुहम्मद, जफर अली, शेर अली, अकरम खान, आजाद, हाजी मुहम्मद हारून, मुकेश श्रीवास्तव (पार्षद) सहित बड़ी संख्या में ताजियादार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं महरौनी मीडिया के पत्रकार उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य