कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने पर दिया जोर

महरौनी, ललितपुर।
अयोध्या धाम से पधारे महामंडलेश्वर स्वामी श्री राम बालक दास जी महाराज ने महरौनी समीपस्थ ग्राम निवारी स्थित गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों को संतोषजनक बताते हुए गौशाला प्रबंधन और कर्मचारियों की प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार स्वामी राम बालक दास जी महाराज ने रात्रि विश्राम श्री अखंड धाम आश्रम में किया। रविवार को भोजन उपरांत वे आश्रम प्रबंधक महात्मा अघट युक्ति आनंद जी के साथ नहर किनारे स्थित निवारी गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गौवंश के लिए उपलब्ध पेयजल, भूसा, हरा चारा, पशु आहार, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गौवंश को श्रेणीवार अलग-अलग रखने की व्यवस्था देखकर उन्होंने विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। स्वामी जी ने कहा कि गौशाला की व्यवस्थाएं अच्छी हैं, लेकिन अभी भी सुधार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। बेहतर प्रबंधन के माध्यम से सड़कों पर विचरण कर रही निराश्रित गौमाताओं को अधिक सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन प्रदान किया जा सकता है।
गौशाला में कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा करते हुए उन्होंने उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गौशाला संचालन कर रही संस्था से कर्मचारियों के हित में कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कर्मचारियों को पांच से छह हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिल रहा है, जो अत्यंत कम है। कर्मचारियों का वेतन बढ़ाकर कम से कम नौ से दस हजार रुपये प्रतिमाह किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर महात्मा अघट युक्ति आनंद जी ने बताया कि गौवंश को मूंग का भूसा खिलाया जाता है, जो गेहूं के भूसे की अपेक्षा अधिक स्वादिष्ट, सुपाच्य एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है।
गौशाला में कार्यरत प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान में गौशाला में लगभग 350 गौवंश संरक्षित हैं।
निरीक्षण के दौरान महात्मा चेतन आनंद, गोशाला कर्मचारी तुलाराम, किशन, राज, प्रदीप, सुखदेव, जगभान, विशाल सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।









