महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने हेतु संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आज थाना कोतवाली क्षेत्र के मेवाती मोहल्ला में जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर अभय नारायण राय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, एमएसके प्रभारी उ0नि0 कुंवर नंदिनी एवं महिला शक्ति केन्द्र (MSk) की टीम सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।

जनचौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों को महिला सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 181, 1076, 112, 1098 आदि के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुए साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई। महिलाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जागरूक किया गया।
जनचौपाल के उपरांत कई महिलाओं ने एमएसके टीम से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया। इस दौरान महिलाओं एवं एमएसजके टीम के बीच संपर्क नंबरों का आदान-प्रदान भी किया गया, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वे सीधे संवाद स्थापित कर सकें। एमएसजके टीम द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के प्रभावी निस्तारण एवं सतत फॉलोअप का आश्वासन दिया गया।
पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता एवं विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से इस प्रकार के जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।









