ललितपुर में किसान गोष्ठी एवं ऋण वितरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

पंजाब नेशनल बैंक, मंडल कार्यालय एवं अग्रणी बैंक, ललितपुर द्वारा आज श्री कल्याण सिंह सभागार, ललितपुर में किसान गोष्ठी एवं ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंडल प्रमुख श्री के.एल. बैरवा की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सत्यप्रकाश (आईएएस), जिलाधिकारी, ललितपुर रहे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री शेषनाथ, पंजाब नेशनल बैंक प्रधान कार्यालय से कार्यकारी निदेशक श्री बी.पी. महापात्रा तथा कृषि विज्ञान अनुसंधान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक श्री मुकेश चंद, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री हरीश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री सत्यप्रकाश ने पंजाब नेशनल बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण एवं किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने उपस्थित किसानों एवं महिलाओं से बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ लेने, समय पर ऋण अदायगी करने तथा बेहतर क्रेडिट स्कोर बनाए रखकर कृषि एवं व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्थागत ऋण के माध्यम से ग्रामीण साहूकारों पर निर्भरता कम की जा सकती है तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यकारी निदेशक श्री बी.पी. महापात्रा ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति तभी संभव है जब किसान एवं महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हों। उन्होंने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक किसानों के लिए कृषि ऋण, कृषि उपकरण वित्तपोषण, पशुपालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन, वेयरहाउसिंग तथा स्वयं सहायता समूहों हेतु विभिन्न वित्तीय योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने किसानों को समय पर ऋण चुकाने की सलाह देते हुए कहा कि इससे अधिक से अधिक पात्र किसानों को ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
श्री महापात्रा ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं का संयुक्त वार्षिक प्रीमियम मात्र ₹456 है, जिसके माध्यम से परिवारों को महत्वपूर्ण वित्तीय सुरक्षा प्राप्त होती है।
मंडल प्रमुख श्री के.एल. बैरवा ने बैंक के विजन को साझा करते हुए कहा कि किसान गोष्ठियों के माध्यम से बैंक का उद्देश्य किसानों एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों एवं कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़कर ग्रामीण परिवार समृद्धि के नए अवसर प्राप्त कर सकते हैं तथा पंजाब नेशनल बैंक इस दिशा में हर संभव सहयोग प्रदान कर रहा है।
कार्यक्रम में उप मंडल प्रमुख श्री मनीष अग्रवाल, वरिष्ठ प्रबंधक श्री मुकेश पटेल, श्री चित्रांशु, श्री गौरव पटेल, श्री गजेन्द्र पटेल, श्री हेमंत कुमार,आरसेटी डारेक्टर, श्री सतीशचन्द्र , जनपद की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक, कृषि अधिकारी एवं सम्मानित ग्राहक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर 450 से अधिक किसानों एवं महिलाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपरांत अग्रणी जिला प्रबंधक श्री हरीश कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य