*14 जून को जिले के चार केंद्रों पर आयोजित होगी जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा, तैयारियां पूर्ण*

ललितपुर। उत्तर प्रदेश, लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा दिनांक 14 जून, 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता (पुरुष/महिला) परीक्षा को नकलविहीन व सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट व केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा सम्पन्न कराने के निर्देश दिये।
*जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवक्ता परीक्षा 14 जून को जनपद के 4 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी, परीक्षा को नकलविहीन सम्पन्न कराने में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की अहम भूमिका है, परीक्षा के दौरान केवल सेक्टर मजिस्ट्रेट और केन्द्र व्यवस्थापक को ही आपात स्थिति के लिए मोबाइल की अनुमति होगी, इनके अलावा कोई भी केन्द्र में मोबाइल नहीं ले जा सकेगा। इसलिए केन्द्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी गंभीरता के साथ केवल आपात स्थिति में ही मोबाइल का उपयोग करें।*
*सभी केन्द्रों पर परीक्षार्थी के प्रवेश से पहले सघन तलाशी ली जाए, महिलाओं के लिए अलग से तलाशी कक्ष बनाया जाए, कलावा, मंगलसूत्र आदि को भी चेक किया जाए, लेकिन उतारने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार का इलैक्ट्रॉनिक डिवाइज ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन आदि के लिए अलग से कक्ष बनाया जाए। इसके अलावा गर्मी के दृष्टिगत पैरामेडिकल स्टाफ मय एम्बुलेंस और केन्द्रों पर पीने के लिए ठण्डा पानी और ओआरएस पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था व शौचालय आदि की सफाई सुनिश्चित करायी जाए, इसके साथ ही चारों परीक्षा केन्द्रों पर जल संस्थान द्वारा पानी के टैंकर लगाये जायें।*
_बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि जीआईसी प्रवक्ता पद के लिए जिले में 14 जून को चार केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। सकुशल और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन तैयारियां कराने में जुटा हुआ है। परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में कराई जाएगी। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, वर्णी जैन इंटर कॉलेज और रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा एक पाली में सुबह 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक होगी।_
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्र सहित सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक व अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।








