आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ललितपुर के निर्देश के क्रम में खाद्य पदार्थ मसाले पर चलाए गए अभियान के अंतर्गत खुशीपुरा जाखलौन ललितपुर स्थित रिया गोल्ड मसाले प्रो राम कुमार साहू के प्रतिष्ठान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा छापामार कार्यवाही की गई। प्रतिष्ठान मे रखे हल्दी धनिया मिर्च पाउडर के एक एक नमूने कुल तीन नमूने संग्रहित कर 13 किलो हल्दी मूल्य 2600 रुपए, 200 किलो धनिया पाउडर मूल्य 30000 रुपये एवं 45 किलो मिर्च पाउडर मूल्य 11250 रुपए को सीज किया गया। खाद्य कारोबारकर्ता से लाइसेंस/ पंजीकरण मांगने पर उसके पास वैध लाइसेंस/ पंजीकरण नहीं पाया गया। खाद्य कारोबारकर्ता के पास 25 बोरी कुल लगभग 625 किलो पैकिंग सामग्री प्राप्त हुई जिसे सीज कर दिया गया। खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा बताया गया कि वह ललितपुर से मसाले पिसवाकर अपने घर में पैक करता है किन्तु उसके पास खुदरा व्यवसाय का पंजीकरण था जिसके कारण उसका व्यवसाय लाइसेंस/ पंजीकरण प्राप्त होने तक बंद करा दिया गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। टीम में सहायक आयुक्त खाद्य -II विनोद कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस एस निरंजन, नागेंद्र कुमार सम्मिलित रहे।









