24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, 10 लाख के जेवरात सहित दो आरोपी गिरफ्तार

ललितपुर। कोतवाली ललितपुर पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 631/2026 धारा 305, 317(2), 331(3) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त एलान्सी मोंगिया (21 वर्ष) पुत्र स्व. जनेब मोंगिया तथा रामसजीवन मोंगिया (38 वर्ष) पुत्र साँवन जी, मूल निवासी ग्राम सिंगेपुर थाना महरौनी एवं वर्तमान निवासी कच्चा टपरा, टैल्को ग्राउंड चौकाबाग, थाना कोतवाली ललितपुर को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा हेतु न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार वादी द्वारा सूचना दी गई थी कि अज्ञात चोर उसके मकान की दीवार फांदकर घर में घुस गए और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ बीनने का काम करते हैं। 5 जून को नहर के पास मोहल्ला नेहरू नगर जुगपुरा में कबाड़ बीनते समय उन्होंने एक मकान का गेट खुला देखा और घर के आसपास कोई व्यक्ति नहीं होने का फायदा उठाकर अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। बाद में दोनों ने सामान आपस में बांट लिया और उसे बेचने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लॉकेट, हार का आधा टुकड़ा, दो जोड़ी टॉप्स, एक नथ, एक हाफ पेटी, चार जोड़ी पायल, एक जोड़ी कड़े, एक करधौनी, तीन चूड़ियां तथा 71 बिछियां सहित शत-प्रतिशत माल बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
इस सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम को 25 हजार रुपये के नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की घोषणा की है।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य