ललितपुर। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अपील के बाद उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश के संसाधनों के सदुपयोग के संबंध में विभिन्न निर्देश निर्गत किए हैं, जिसमें उन्होंने प्रमुखता से इस बात पर जोर दिया है कि हमें ईंधन की बचत की दिशा में प्रभावी कदम उठाने हैं तथा जनपद स्तर पर जो बैठकें होती हैं उन्हें यथासंभव ऑनलाइन या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाए।
इसी के क्रम में जनपद के प्रभारी मंत्री/मा0 राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उ0प्र0 श्री दानिश आजाद अंसारी ने माह मई की जनपद समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। बैठक में जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने अवगत कराया कि जनपद ललितपुर की ऑवरऑल रैंक 11 वे नम्बर पर हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को और लगन व मेहनत से जिले को प्रथम स्थान पर लाने के निर्देश दिये।
अवैध कटान की समीक्षा करने पर डीएफओ ने अवगत कराया कि अवैध कटान करने वाले वाहनों को पकड़ा गया है और उनके स्वामियों पर एफआईआर करायी गई है। *जिस पर प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिये कि जनपद में किसी भी कीमत पर अवैध कटान नहीं होना चाहिए।*
जल जीवन मिशन की समीक्षा में नगरीय योजना के तहत बताया गया कि शहर में गोविन्द सागर बांध व इलाइट पर टंकिंया बनायी गई हैं, जिनमें से गोविन्द सागर बांध की टंकी से पानी चालू हो गया है और इलाइट पर टेस्टिंग चल रही है। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि शहर में अधिकांश सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिलाध्यक्ष भाजपा ने बताया कि विगत बैठक में इंगित करायी गई सड़कों पर आज तक निर्माण कार्य नहीं कराया गया है, *जिस पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को त्वरित गति से रोड रेस्टोशन कार्य कराने के निर्देश दिये।*
विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में आपूर्ति की काफी शिकायतें आ रही हैं, जिस पर प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि खराब ट्रांसफार्मरों की 24 घण्टे के अंदर सुधारा जाए और फाल्ट की सूचना पर तत्काल मरम्मत की जाए। *राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी विद्युत समस्या पर ध्यान दें, अन्यथा मा0 मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया जाएगा।*
फसल बीमा योजना के तहत 4629 दावे स्वीकृत किये गए हैं, जिसके सम्बंध में कार्यवाही चल रही है। छूटे हुए कृषकों को योजना का लाभ दिलाये जाने के प्रयास किये जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में जिला अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि आवंटन हेतु कार्यवाही की जा रही है, इस पर निर्देश दिये गए कि जनपद के जनप्रतिनिधिगणों से समन्वय करते हुए उनके प्रस्ताव भी लिये जाएं।
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी तालाब भर दिये गए हैं, *जिस पर जिलाध्यक्ष भाजपा ने बताया कि तालबेहट, जखौरा आदि क्षेत्रों में तालाब नहीं भरे गए हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय टीम बनाकर तालाबों की जांच करायी जाए।*
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में 948.61 करोड़ की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसकी प्रति सभी जनप्रतिनिधियों को भेजी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई प्रस्ताव छूट गया है तो मा0 जनप्रतिनिधि अवगत करा दें, उसे भी शामिल कर लिया जाएगा।
लघु सिंचाई की समीक्षा में अधिशासी अभियन्ता लघु सिंचाई की अनुपस्थिति पर उनका एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया।
बैठक में राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ एवं सदर विधायक रामरतन कुशवाहा लखनऊ से ही जुड़े, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, जिलाध्यक्ष भाजपा हरीशचन्द्र रावत, नगर पालिका अध्यक्षा सोनाली जैन, सांसद प्रतिनिधि दिनेश गोस्वामी व मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, डीएफओ नवीन प्रकाश शाक्य, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, अपर जिलाधिकारी वि/रा दिनेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इम्तियाज अहमद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।









