शनिवार दिनांक 23 मई 2026 को शहर के मोहल्ला रावतयाना, गोविंद नगर एवं बाहुबली नगर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण, साफ-सफाई, नालियों की स्थिति, डोर-टू-डोर कचरा वाहन व्यवस्था तथा जल निगम द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष सबसे पहले मोहल्ला गोविंद नगर पहुंचीं, जहां विगत कई दिनों से सड़क निर्माण के लिए डाली गई गिट्टी आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू न होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस पर संबंधित ठेकेदार ने अवगत कराया कि जल निगम द्वारा पाइप लाइन डालने के कार्य में देरी तथा सड़क पर लीकेज की समस्या के चलते निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब जल निगम का कार्य पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही सड़क निर्माण प्रारंभ करा दिया जाएगा।
अध्यक्ष ने मौके पर ही अवर अभियंता निधि पाण्डेय एवं संबंधित ठेकेदार को निर्देशित करते हुए कहा कि दो दिन के भीतर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए, अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इसके साथ ही अध्यक्ष सोनाली जैन ने मोहल्ले की साफ-सफाई व्यवस्था, नालियों की स्थिति एवं डोर-टू-डोर कचरा वाहन की नियमितता को लेकर वार्डवासियों से संवाद किया। स्थानीय नागरिकों ने सफाई व्यवस्था में अनियमितताओं की शिकायत की, जिस पर अध्यक्ष ने संबंधित स्वास्थ्य नायक को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं डोर-टू-डोर वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि समय पर वाहन न पहुंचने पर कार्यवाही तय की जाएगी।
इसके उपरांत अध्यक्ष सोनाली जैन ने बाहुबली नगर का निरीक्षण किया। यहां मोहल्लेवासियों ने शिकायत करते हुए बताया कि लगभग तीन माह पूर्व जल निगम द्वारा पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोद दी गई थी, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे लोग आए दिन चोटिल हो रहे हैं और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
इस पर अध्यक्ष ने मौके पर उपस्थित जल निगम अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर खुदी हुई सड़कों की मरम्मत पूर्ण कराई जाए, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष महोदया ने बड़ी नहर रावतयाना स्थित पुल तथा उसके समीप नगर पालिका द्वारा निर्मित नव-निर्मित शौचालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुन्नालाल जैन, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आनंद यादव एवं अमरदीप रजक, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, डीपीएम दीपक कुमार, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू, स्वास्थ्य नायक रामू पहलवान, कुंजबिहारी बाबरा, संतोष नगाइच सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









