जिला सेवायोजन कार्यालय, ललितपुर के तत्वाधान में आज दिनाँक 21 मई, 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ललितपुर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री चन्द्रभान प्रजापति, अनुदेशक द्वारा किया गया। कार्यक्रम मेें सर्वप्रथम श्री नरेन्द्र कुमार वर्मा, अनुदेशक द्वारा रोजगार मेले में उपस्थित अभ्यर्थियों को प्रतिभागी कम्पनियों के सभी नियोजकों से परिचय कराया। रोजगार मेले के साथ ही कॅरियर काउन्सिलिंग कार्यशाला का भी आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल एवं सेवायोजन पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गयी। काउन्सलर श्री कपिल शुक्ला, प्रवक्ता द्वारा अभ्यर्थियों को उनके उज्जवल भविष्य हेतु आई0टी0आई0/डिप्लोमा उत्तीर्ण के बाद रोजगार के विभिन्न आयामों से परिचित कराया गया एवं रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रहे सभी अभ्यर्थियों को जनपद के बाहर की कम्पनियों में उनकी योग्यता अनुसार रोजगार पाने हेतु प्रेरित किया। रोजगार मेले में कुल 05 कम्पनियों के नियोजकों द्वारा प्रतिभाग किया गया जिसमें कुल 79 अभ्यर्थियों द्वारा साक्षात्कार दिया गया। साक्षात्कार उपरान्त कुल 66 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम के अन्त में संस्थान के प्रधानाचार्य श्री राजपाल सिंह द्वारा समस्त अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। सेवायोजन कार्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुये संस्थान की ओर से अनुरोध किया गया कि उनके शिक्षण संस्थान में भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया जाये। इस अवसर पर जिला सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।









