वार्ड 13 घुसयाना एवं इलाईट शमशान घाट का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई व सौन्दर्यीकरण के दिए निर्देश

ललितपुर। नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं सार्वजनिक स्थलों के सौन्दर्यीकरण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 14 मई 2026 को नगर पालिका अध्यक्ष महोदया श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के साथ वार्ड संख्या 13 स्थित मोहल्ला घुसयाना तथा इलाईट शमशान घाट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष महोदया ने क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष महोदया सर्वप्रथम राजघाट रोड स्थित पिसनारी तिराहे पर पहुंचीं, जहां उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं सौन्दर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए तिराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाए जाने तथा इंटरलॉकिंग कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने से आमजन को सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी।

इसके उपरांत अध्यक्ष ने एक दिन पूर्व दिए गए साफ-सफाई संबंधी निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का निरीक्षण किया। मौके पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों की सराहना की तथा निर्देश दिए कि इसी प्रकार नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

निरीक्षण के अगले चरण में अध्यक्ष महोदया द्वारा इलाईट शमशान घाट (मुक्तिधाम) का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां स्थापित हाईमास्ट की समस्त लाइटों को जांचा गया, जो सुचारु रूप से संचालित पाई गईं। अध्यक्ष महोदया ने मुक्तिधाम परिसर में अर्थी स्थल चबूतरे पर लगे टीनशेड की मरम्मत कराए जाने एवं चबूतरे पर गाटर लगाए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुरक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है।

अध्यक्ष महोदया ने मुक्तिधाम के मुख्य प्रवेश द्वार पर सौन्दर्यीकरण कार्य कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि शहर के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व के स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया जाना नगर पालिका की प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान राजघाट रोड से मुक्तिधाम तक जाने वाली सड़क की स्थिति जर्जर पाए जाने पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, जिससे आमजन एवं अंतिम संस्कार हेतु आने वाले लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

इलाईट शमशान घाट परिसर में पेड़ों की नियमित छंटाई एवं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी अध्यक्ष महोदया ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने वहां तैनात चौकीदार एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि साफ-सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुन्नालाल जैन, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, अवर अभियंता खुशबू खान, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, वरिष्ठ लिपिक हबीब खान, नजूल लिपिक सुधीर रावत, डीपीएम दीपक कुमार, बद्री कुशवाहा, हेड सुपरवाइजर संजय कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू, संबंधित स्वास्थ्य नायक सहित नगर पालिका परिषद के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य