महरौनी,ललितपुर।

अखिल भारतीय महिला परिषद के तत्वावधान में सुर सुन्दरी शाखा महरौनी द्वारा मातृ दिवस का गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मातृत्व, संस्कार एवं सामाजिक समरसता का सुंदर वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के चित्र अनावरण से हुआ। चित्र अनावरण दिगम्बर जैन पंचायत समिति के संरक्षक एवं पदाधिकारियों प्रमोद सिंघई, वीरेंद्र डोगरया, उपाध्यक्ष अंकित चौधरी तथा कोषाध्यक्ष अनिल सिलौनया द्वारा किया गया। इसके पश्चात परिषद की प्रांतीय एवं संभागीय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मातृ शक्ति के सम्मान में भावपूर्ण माहौल रहा। उपस्थित महिलाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने मातृत्व, संस्कारों एवं समाज निर्माण में माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण आचार्य विद्यासागर पाठशाला के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। बच्चों ने भक्ति गीत, नृत्य एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। परिषद द्वारा प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
अंत में सभी अतिथियों, महिलाओं एवं बच्चों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन ने समाज में मातृ शक्ति के सम्मान एवं संस्कारों के महत्व को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।








