ललितपुर : आज दिनांक 12.05.2026 को उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अवर अभियंता खुशबू खान, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव सहित पालिका टीम द्वारा मोहल्ला आजादपुरा का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया। इस दौरान टीम ने मोहल्ले की प्रत्येक गली का निरीक्षण करते हुए जल निकासी के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक बिंदुओं का परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।

ज्ञातव्य है कि विगत दिनों मा. अध्यक्ष महोदया श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा द्वारा वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बरसात के समय उत्पन्न होने वाली गंभीर जलभराव एवं जल निकासी की समस्या से अवगत कराया था। मोहल्लेवासियों ने बताया कि नाला निर्माण एवं समुचित निकासी व्यवस्था के अभाव में प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान घरों एवं मार्गों पर पानी भर जाता है, जिससे आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष महोदया द्वारा विषय को बोर्ड बैठक में प्रस्तुत कर स्वीकृति प्रदान कराई गई थी तथा आश्वासन दिया गया था कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
इसी क्रम में आज उप जिलाधिकारी सदर श्री मनीष कुमार के नेतृत्व में पालिका टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा जल निकासी एवं नाला निर्माण हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। मा. उप जिलाधिकारी सदर ने संबंधित अवर अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अवर अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि नाला निर्माण कार्य की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर निर्धारित समय में पूर्ण कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुन्नालाल जैन, अवर अभियंता खुशबू खान, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








